शरीर में आयरन की है कमी? आज से खाएं ये 6 सुपरफूड्स, जो बना देंगे आपको Iron Man
आयरन की कमी आज दुनिया की सबसे आम पोषण संबंधी समस्याओं में से एक है, जिससे थकान, कमजोरी और कम हीमोग्लोबिन जैसी परेशानियां हो सकती हैं. न्यूट्रिशनिस्ट Lovneet Batra के अनुसार, सिर्फ पालक, अनार और काला चना ही आयरन के अच्छे स्रोत नहीं हैं. बल्कि कुछ कमाल के सुपरफूड्स हैं, जो तेजी से आपके शरीर में आयरन की कमी को दूर करते है.
Iron Rich Foods: आयरन की कमी दुनिया भर में सबसे आम पोषण संबंधी समस्याओं में से एक है. बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, हर उम्र के लोग इससे प्रभावित हो सकते हैं. शरीर में आयरन की पर्याप्त मात्रा होना बेहद जरूरी है क्योंकि यह ऑक्सीजन को शरीर के विभिन्न हिस्सों तक पहुंचाने, दिमाग को बेहतर तरीके से काम करने और इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाए रखने में अहम भूमिका निभाता है.
जब शरीर में आयरन का स्तर कम हो जाता है तो व्यक्ति को थकान, कमजोरी, चक्कर आना, ध्यान केंद्रित करने में परेशानी और ऊर्जा की कमी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है.
अधिकांश लोग आयरन बढ़ाने के लिए पालक, अनार और काले चने का सेवन करते हैं, लेकिन न्यूट्रिशनिस्ट लवनीत बत्रा के अनुसार कुछ ऐसे खाद्य पदार्थ भी हैं जो आयरन के मामले में इनसे कहीं आगे हैं.
पालक नहीं, चौलाई के पत्ते हैं आयरन के असली सुपरहीरो
आमतौर पर पालक को आयरन का सबसे अच्छा स्रोत माना जाता है, लेकिन न्यूट्रिशनिस्ट के मुताबिक चौलाई (Amaranth Greens) के पत्तों में आयरन की मात्रा काफी अधिक होती है.
100 ग्राम कच्ची चौलाई की पत्तियों में लगभग 2.3 मिलीग्राम आयरन पाया जाता है. इसके अलावा इनमें फोलेट, विटामिन C और विटामिन A भी भरपूर मात्रा में मौजूद होते हैं. यही वजह है कि इसे पोषक तत्वों का पावरहाउस माना जाता है.
अनार नहीं, जामुन में ज्यादा आयरन
अक्सर लोग मानते हैं कि फलों में सबसे ज्यादा आयरन अनार में होता है, लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि जामुन इस मामले में आगे है.
100 ग्राम जामुन में लगभग 0.45 मिलीग्राम आयरन पाया जाता है, जो इसे आयरन युक्त फलों की श्रेणी में खास बनाता है. हालांकि अनार शरीर में आयरन के अवशोषण को बेहतर बनाने में मदद करता है, लेकिन सीधे तौर पर आयरन की मात्रा के मामले में जामुन बेहतर विकल्प माना जाता है.
मोटे अनाज में सबसे ज्यादा आयरन वाला है सांवा
मोटे अनाज यानी मिलेट्स की बात करें तो सांवा (Barnyard Millet) आयरन का सबसे समृद्ध स्रोत माना जाता है.
100 ग्राम सांवा में लगभग 8.6 से 15.2 मिलीग्राम तक आयरन पाया जाता है. यह मात्रा गेहूं, चावल और कई अन्य मिलेट्स की तुलना में काफी अधिक है. यही कारण है कि आयरन की कमी से जूझ रहे लोगों के लिए इसे फायदेमंद माना जाता है.
धनिया नहीं, पुदीना है आयरन का खजाना
रसोई में इस्तेमाल होने वाली हरी जड़ी-बूटियों में लोग अक्सर धनिया को ज्यादा पौष्टिक मानते हैं, लेकिन आयरन के मामले में पुदीना सबसे आगे है.
100 ग्राम पुदीने की पत्तियों में लगभग 8.5 से 11.9 मिलीग्राम आयरन पाया जाता है. चूंकि इसमें मौजूद आयरन पौधों से मिलने वाला आयरन होता है, इसलिए इसे विटामिन C वाले खाद्य पदार्थों जैसे नींबू, संतरा या टमाटर के साथ खाने से शरीर इसे बेहतर तरीके से अवशोषित कर पाता है.
काला चना नहीं, मोंठ की दाल है बेहतर विकल्प
आयरन के लिए काले चने को सबसे अच्छा माना जाता है, लेकिन न्यूट्रिशनिस्ट के अनुसार मोंठ की दाल (Moth Beans) में आयरन की मात्रा अधिक होती है.
100 ग्राम मोंठ में लगभग 5.5 से 10.8 मिलीग्राम आयरन पाया जाता है. विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि मोंठ से बने व्यंजनों के साथ नींबू का रस, टमाटर या शिमला मिर्च का सेवन किया जाए, जिससे आयरन का अवशोषण और बेहतर हो सके.
आयरन की सबसे बड़ी पावरहाउस हैं हलीम के बीज
हलीम के बीज (Garden Cress Seeds) को आयरन का सबसे शक्तिशाली स्रोत माना जाता है.
इन बीजों में एक चम्मच में लगभग 12 मिलीग्राम और 100 ग्राम में करीब 100 मिलीग्राम तक आयरन पाया जाता है. शोधों के अनुसार ये शरीर में आसानी से अवशोषित हो जाते हैं और हीमोग्लोबिन बढ़ाने में मदद करते हैं.
विशेषज्ञों का मानना है कि हलीम के बीज आयरन की कमी से होने वाली एनीमिया की समस्या से लड़ने में भी मददगार साबित हो सकते हैं.
आयरन बढ़ाने के लिए इन बातों का रखें ध्यान
विशेषज्ञों के अनुसार सिर्फ आयरन युक्त भोजन खाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि शरीर में उसके सही अवशोषण पर भी ध्यान देना जरूरी है.
आयरन युक्त खाद्य पदार्थों के साथ विटामिन C वाले फल और सब्जियां खाने से शरीर आयरन को अधिक प्रभावी ढंग से अवशोषित कर पाता है. वहीं भोजन के तुरंत बाद अधिक मात्रा में चाय और कॉफी पीने से आयरन के अवशोषण पर असर पड़ सकता है.
संतुलित आहार से दूर हो सकती है आयरन की कमी
यदि आप लगातार थकान, कमजोरी या कम हीमोग्लोबिन जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं, तो अपने दैनिक आहार में चौलाई, जामुन, सांवा, पुदीना, मोंठ और हलीम के बीज जैसे आयरन से भरपूर खाद्य पदार्थों को शामिल कर सकते हैं.
संतुलित और पोषक तत्वों से भरपूर भोजन न सिर्फ आयरन की कमी को दूर करने में मदद करता है, बल्कि शरीर को लंबे समय तक स्वस्थ और ऊर्जावान बनाए रखने में भी अहम भूमिका निभाता है.
ये भी देखिए: क्या सच में अंडा और दूध साथ खाना सेहत के लिए हानिकारक है? जानिए आयुर्वेद और न्यूट्रिशनिस्ट की राय









.png)